भास्कर न्यूज़ 24/ वीरेंद्र भारद्वाज/ दल्लीराजहरा। नेशनल हाईवे 930 दल्लीराहरा से बालोद मुख्य मार्ग पर बने जमही टोल नाका में दल्ली राजहरा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के स्थानीय निवासियों को टोल टैक्स से छूट प्रदान करने की मांग को लेकर राजहरा व्यापारी संघ ने एसडीएम राजस्व आशीष कुमार पेन्द्रो को ज्ञापन सौंपा है। सौपे ज्ञापन में संघ के अध्यक्ष गोविंद वाधवानी ने कहा कि दल्लीराजहरा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों जमही टोल नाका से होकर प्रतिदिन आवागमन करना पड़ता है। क्षेत्र के अनेक लोग अपना व्यवसाय, नौकरी, शिक्षा, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए नियमित रूप से इस मार्ग का उपयोग करते हैं। ऐसे में स्थानीय निवासियों से बार–बार टोल टैक्स वसूला जाना उनके लिये आर्थिक बोझ बन रहा है। साथ ही, उक्त मार्ग की गुणवत्ता एवं निर्माण कार्य को लेकर क्षेत्रवासियों में असंतोष है। सड़क की गुणवत्ता अपेक्षित स्तर की नहीं होने के बावजूद आम नागरिकों से टोल टैक्स की वसूली किया जाना उचित प्रतीत नहीं होता। टोल वसूली के साथ–साथ सड़क की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं रखरखाव सुनिश्चित करना भी आवश्यक है।वही दुर्ग एवं राजनांदगांव जैसे बड़े शहरों के आसपास भी स्थानीय निवासियों को टोल से राहत अथवा निर्धारित नियमों के अंतर्गत छूट प्रदान किए जाने की व्यवस्था के उदाहरण मिलते हैं। इसी प्रकार दल्ली राजहरा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को भी उचित राहत प्रदान की जानी चाहिए, ताकि उन्हें अपने ही क्षेत्र में दैनिक आवागमन के लिए अनावश्यक आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।  जनहित को ध्यान में रखते हुए उनजे मांगों पर उचित  कार्रवाई  की जाये।  दल्ली राजहरा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के स्थानीय निवासियों को जमही टोल नाका पर टोल टैक्स से पूर्ण छूट प्रदान करने हेतु आवश्यक पहल की जाए। तथा संबंधित विभाग से सड़क निर्माण की गुणवत्ता एवं वर्तमान स्थिति की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
 क्षेत्रवासियों की इस जनहितकारी समस्या पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान करें तथा स्थानीय नागरिकों को राह दिलाने हेतु उचित पहल किया जाये। इस दौरान राजहरा व्यापारी संघ के अध्यक्ष गोविंद वाधवानी, स्वाधीन जैन एवं जगदीप गुप्ता उपस्थित थे।

Avatar photo

By वीरेन्द्र भारद्वाज

चीफ़ एडिटर, भास्कर न्यूज़ 24

You missed