Oplus_0

भास्कर न्यूज़ 24/ वीरेंद्र भारद्वाज/दल्लीराजहरा। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए नगर में चिल्लर (खुले पैसे) की समस्या को लेकर राजहरा व्यापारी संघ ने पहल की है। संघ के पदाधिकारियों ने नगर के प्रमुख बैंकों एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक और यूनियन बैंक के शाखा प्रबंधकों को ज्ञापन सौंपकर पर्याप्त मात्रा में चिल्लर उपलब्ध कराने की मांग की है।

व्यापारी संघ के अध्यक्ष गोविंद वाधवानी, प्रेम जायसवाल और संदीप गोगड़ ने बताया कि त्योहारी सीजन में बाजार में ग्राहकों की भीड़ काफी बढ़ जाती है। दीपावली सहित अन्य त्योहारों पर खरीदारी के दौरान प्रतिदिन हजारों का लेन-देन होता है। ऐसे में 1, 2, 5, 10 रुपये के सिक्के और छोटे नोटों की भारी आवश्यकता होती है। चिल्लर की कमी से व्यापारियों को ग्राहकों को पैसे लौटाने में परेशानी होती है, जिससे कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है।

ज्ञापन में संघ ने कहा है कि राजहरा व्यापारी संघ की ओर से यह मांग नगर के सभी व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। बाजार में खुले पैसों की कमी के कारण व्यापारी और ग्राहक दोनों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। कई बार चिल्लर न होने से ग्राहक सामान लिए बिना लौट जाते हैं, जिससे व्यापार पर असर पड़ता है।

संघ ने बैंकों से आग्रह किया है कि नियमानुसार उपलब्धता के आधार पर आवश्यक मात्रा में सिक्के और छोटे मूल्यवर्ग के करेंसी नोट उपलब्ध कराए जाएं, ताकि त्योहारी सीजन में व्यापारिक लेन-देन सुचारु रूप से चल सके। बैंक के सहयोग से न केवल व्यापारियों को बल्कि आम नागरिकों को भी राहत मिलेगी।

व्यापारियों ने उम्मीद जताई है कि बैंक प्रबंधन उनकी मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर जल्द से जल्द चिल्लर उपलब्ध कराएगा। इस पहल का नगर के व्यापारियों ने स्वागत किया है
बैंक मैनेजर का कहना- स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया दल्लीराजहरा के मैनेजर राकेश घोडेश्वर ने कहा कि व्यापारियों चिल्लर की मांग को ध्यान में रखते हुए इसे विभाग के उच्च अधिकारी को अवगत कराया गया है। चिल्लर उपलब्ध होते ही त्योहार से पूर्व स्थानीय व्यापारियों को चिल्लर उपलब्ध कराने की कोशिस की जाएगी।

Avatar photo

By वीरेन्द्र भारद्वाज

चीफ़ एडिटर, भास्कर न्यूज़ 24

You missed