भास्कर न्यूज़ 24/ वीरेंद्र भारद्वाज /दल्लीराजहरा। विजयादशमी के पावन अवसर पर दल्लीराजहरा थाने में शस्त्र पूजा का आयोजन किया गया। थाना प्रभारी टीआई सुनील कुमार तिर्की एवं समस्त स्टाफ द्वारा विधि-विधान से शस्त्रों की पूजा-अर्चना की गई।परंपरा के अनुसार दशहरा के दिन शस्त्रों की पूजा का विशेष महत्व होता है। थाने में स्थापित मंदिर में सुबह से ही पूजा की तैयारी शुरू हो गई थी। थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने अपने स्टाफ के साथ सभी शासकीय हथियारों, वाहनों और थाने में रखे शस्त्रों की साफ-सफाई कर उन्हें तिलक लगाकर पूजा की। इस दौरान मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन भी किया गया।टीआई सुनील तिर्की ने कहा कि विजयादशमी असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। शस्त्र पूजा का उद्देश्य पुलिस बल को कर्तव्य पथ पर मजबूती से डटे रहने की प्रेरणा देना है। शस्त्रों की पूजा कर नगर में सुख, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कामना की गई।उन्होंने कहा कि पुलिस का शस्त्र जनता की रक्षा और अपराधियों में भय पैदा करने के लिए है। इसका उपयोग हमेशा न्याय और सुरक्षा के लिए किया जाएगा। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्य का ईमानदारी से पालन करने का संदेश दिया।इस अवसर पर थाने के समस्त अधिकारी, प्रधान आरक्षक, आरक्षक और स्टाफ मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं और मिठाइयां बांटी गईं। थाने को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनियों से सजाया गया था।नगरवासियों ने भी थाना परिसर पहुंचकर पूजा में हिस्सा लिया और पुलिस प्रशासन को दशहरा पर्व की बधाई दी। विजयादशमी पर थाने में हुई शस्त्र पूजा का यह दृश्य लोगों में आकर्षण का केंद्र बना रहा।Post navigationराजहरा पुलिस की सटोरियों पर बड़ी कार्रवाई, 3 गिरफ्तार।