भास्कर न्यूज़ 24/ वीरेंद्र भारद्वाज /दल्लीराजहरा। स्थानीय नागरिकों को टोल टैक्स में आधार कार्ड के आधार पर छूट देने की मांग को लेकर शुक्रवार को सुबह 11 बजे दल्लीराजहरा व्यापारी संघ ने जोरदार विरोध दर्ज कराया। व्यापारी संघ के अध्यक्ष गोविंद वाधवानी की टीम ने रजही टोल प्लाजा पहुंचकर अपनी मांग रखी और स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही यह सुविधा लागू नहीं की गई तो दल्लीराजहरा सहित आसपास के पूरे अंचल को साथ लेकर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि दुर्ग, राजनांदगांव और रायपुर के सभी टोल प्लाजाओं में स्थानीय लोगों के लिए आधार कार्ड दिखाने पर टोल में छूट की सुविधा दी जा रही है। फिर रजही टोल पर यह सुविधा क्यों नहीं दी जा रही है? यह स्थानीय लोगों के साथ भेदभाव है। दल्लीराजहरा, डौंडी, गुरुर और आसपास के ग्रामीण रोजाना इसी मार्ग से आना-जाना करते हैं, उन पर अनावश्यक टोल का बोझ डाला जा रहा है।गांव वालों में दिखा उत्साह-जैसे ही राजहरा व्यापारी संघ की टीम विरोध के लिए टोल पर पहुंची, वहां मौजूद पूरे गांव वालों में उत्साह की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से वे इस समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन आज पहली बार कोई दमदार संगठन उनके साथ खड़ा होने के लिए आया है। ग्रामीणों ने व्यापारी संघ के इस कदम का दिल खोलकर स्वागत किया। व्यापारी संघ अध्यक्ष गोविंद वाधवानी ने कहा कि टोल प्रबंधन का यह रवैया पूरी तरह से गलत है। जब शासन के नियमों के अनुसार सभी जगह स्थानीय निवासियों को रियायत दी जा रही है, तो रजही टोल पर इसे लागू करने में क्या दिक्कत है? संघ ने मांग की कि 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले सभी ग्रामीणों और दल्लीराजहरा शहर के नागरिकों को आधार कार्ड के आधार पर मासिक पास या छूट प्रदान की जाए। व्यापारी संघ ने टोल प्रबंधन को 7 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। यदि इस अवधि में मांग पूरी नहीं होती है तो व्यापारी संघ दल्लीराजहरा बंद, चक्काजाम और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी टोल प्रबंधन और प्रशासन की होगी। इस दौरान राजहरा व्यापारी संघ के अध्यक्ष गोविंद वाधवानी, अशोक लोहिया, संदीप गोगड़, प्रेम जासवाल, अमित जायसवाल, अर्पित गुड़धर, स्वाधीन जैन, अंकित टाटिया, जगदीप गुप्ता, अनिल सुथार, अतुल कोचर, अशोक शाह सहित अन्य लोग मौजूद थे।Post navigationबिटुमिन की कीमतों में वृद्धि पर राहत देने के निर्णय का ठेकेदार संघ ने किया स्वागत, मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंटकर जताया आभार।