भास्कर न्यूज़ 24/ वीरेंद्र भारद्वाज/ दल्लीराजहरा। भारतीय जनता युवा मोर्चा दल्लीराजहरा के अध्यक्ष सागर गनीर ने संसद में लाए जा रहे पेपर लीक विरोधी कानून का कांग्रेस पार्टी द्वारा किए गए विरोध की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि यह विरोध देश के करोड़ों मेहनती विद्यार्थियों और युवाओं के हितों के खिलाफ है।उन्होंने कहा कि वर्षों से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं के कारण लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। छात्र-छात्राएं दिन-रात कठिन परिश्रम कर परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों और संगठित गिरोहों द्वारा पेपर लीक कर उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया जाता है। ऐसे अपराधों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा संसद में सख्त कानून लाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है।सागर गनीर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है। पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कठोर दंड और सख्त कानूनी प्रावधान समय की आवश्यकता हैं। ऐसे महत्वपूर्ण कानून का विरोध कर कांग्रेस ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि उसे छात्रों और युवाओं की वास्तविक समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह रुख अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। जिस कानून से छात्रों को न्याय मिलेगा, परीक्षा माफियाओं पर लगाम लगेगी और योग्य अभ्यर्थियों को उनका अधिकार मिलेगा, उसका विरोध किसी भी दृष्टि से उचित नहीं ठहराया जा सकता। देश का युवा वर्ग आज पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और निष्पक्ष परीक्षाएं चाहता है, जबकि कांग्रेस इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों में बाधा उत्पन्न करने का कार्य कर रही है।भाजयुमो अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा सदैव युवाओं के हितों की रक्षा के लिए संघर्षरत रहे हैं। देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित रहे, इसके लिए पेपर लीक करने वालों और परीक्षा माफियाओं के विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने कांग्रेस से आग्रह किया कि वह राजनीतिक स्वार्थ से ऊपर उठकर छात्रों और युवाओं के हित में ऐसे महत्वपूर्ण कानून का समर्थन करे।अंत में सागर गनीर ने कहा कि देश का युवा सब कुछ देख और समझ रहा है। जो दल छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने वाले कानूनों का समर्थन करेगा, युवा उसी के साथ खड़ा होगा।

Avatar photo

By वीरेन्द्र भारद्वाज

चीफ़ एडिटर, भास्कर न्यूज़ 24

You missed