भास्कर न्यूज़ 24/ वीरेंद्र भारद्वाज/ दल्लीराजहरा। हरियाली पर्व के अवसर पर 12 अगस्त को वन परिक्षेत्र दल्लीराजहरा एवम छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स इकाई राजहरा के संयुक्त तत्वाधान में “एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपण महाअभियान के तहत नगर के हृदय स्थल स्थित माँ शीतला मंदिर प्रांगण में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।सभी वर्गों की रही सहभागिता- कार्यक्रम में वन विभाग के रेंजर संतोष कुमार ठाकुर,छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स दल्लीराजहरा इकाई के शंकर कुकरेजा, अमित कुकरेजा, नगर पालिका उपाध्यक्ष मनोज पिंटू , स्वाधीन जैन, शिखर चंद जैन, जयदीप गुप्ता, कुसुमकसा से संजय बैस, संतोष जैन, सी एस पी राजहरा विकास पाटले ,टी आई सुनील तिर्की, कन्हैया लाल कुकरेजा, राजू सोनी, पंकज छाजेड़, अशोक लोहिया,भूपेंद्र डहरवाल सहित अन्य लोगों ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत नीम, करज, बेल, आम, इत्यादि प्रजाति के पौधे लगाए। सभी ने संयुक्त रूप से सहभागिता करते हुए उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। वातावरण भक्तिमय और पर्यावरणीय चेतना से भरा रहा। उपस्थित लोगों ने माँ शीतला मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद पौधे लगाए और उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया। रेंजर दल्लीराजहरा संतोष कुमार ठाकुर ने बताया कि इस अवसर पर नीम, आँवला, कदंब, बेल, कटहल, जामुन एवं बिही सहित विभिन्न फलदार एवं उपयोगी प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इन प्रजातियों का चयन पर्यावरणीय महत्व और औषधीय गुणों को ध्यान में रखकर किया गया। मंदिर प्रांगण में लगाए गए पौधे आने वाले समय में क्षेत्र को हरित और स्वच्छ बनाने में सहायक होंगे।पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश- कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नगर एवं आसपास के क्षेत्र में हरित आवरण को बढ़ावा देना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता उत्पन्न करना तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण के लिए प्रेरित करना था। वन विभाग ने बताया कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत हर नागरिक को अपनी माँ की स्मृति में या सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसे पेड़ बनने तक संरक्षित रखने की प्रेरणा दी जा रही है। कार्यक्रम के अंत में वन परिक्षेत्र अधिकारी, दल्लीराजहरा ने उपस्थित सभी अधिकारियों, व्यापारियों, पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा सहयोगीगण का आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि हरियाली पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण का संकल्प है। उन्होंने अपील की कि भविष्य में भी सभी अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं और रोपित पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें संरक्षित करें। इस पहल से माँ शीतला मंदिर प्रांगण हरियाली से सराबोर होगा और लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी मिलेगा।Post navigationटी ज्योति पार्षद द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नगरवासियों से तिरंगा फहराने की अपील।