भास्कर न्यूज़ 24/ वीरेंद्र भारद्वाज/दल्लीराजहरा।  मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की महत्वाकांक्षी छत्तीसगढ़ तीर्थ योजना के तहत जिले के 75 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या एवं काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन के लिए रवाना हुआ। तीर्थयात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रवाना होने से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर एवं जनपद पंचायत डौंडी की सभापति श्रीमती मंजू संजय बैस ने श्रद्धालुओं का फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत किया तथा आरती उतारकर मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं । इसके पश्चात अतिथियों ने बसों को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या धाम में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर में रामलला के दर्शन एवं काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए रवाना किया। श्रद्धालुओं के चेहरे पर तीर्थदर्शन को लेकर प्रसन्नता और उत्साह साफ नजर आया। इस दौरान पूरा वातावरण धार्मिक एवं भक्तिमय दिखाई दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की तीर्थ योजना समाज के हर वर्ग के श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन और काशी विश्वनाथ धाम की यात्रा श्रद्धालुओं के लिए जीवन का अविस्मरणीय अनुभव होगी। सरकार की इस योजना से आर्थिक रूप से कमजोर एवं वरिष्ठ नागरिकों सहित अनेक श्रद्धालुओं को तीर्थयात्रा का लाभ मिल रहा है। जनपद पंचायत सभापति श्रीमती मंजू संजय बैस ने कहा कि तीर्थयात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और सनातन परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा श्रद्धालुओं को तीर्थस्थलों के दर्शन कराने की यह पहल सराहनीय है। अयोध्या में रामलला और काशी विश्वनाथ के दर्शन का अवसर मिलने से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। उन्होंने सभी यात्रियों को सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी श्रद्धालु स्वस्थ एवं प्रसन्न होकर वापस लौटें।  तीर्थयात्रा की संपूर्ण व्यवस्था एवं बेहतर प्रबंधन में समाज कल्याण विभाग के संचालक श्री अजय गेडाम की निगरानी महत्वपूर्ण रही। उनके मार्गदर्शन में जिले के 75 श्रद्धालुओं को टीम के साथ व्यवस्थित रूप से तीर्थयात्रा के लिए रवाना किया गया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया।कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्री पुष्पेंद्र चंद्राकर एवं पूर्व जनपद सदस्य श्री संजय बैस सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सभी यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीराम एवं काशी विश्वनाथ से सभी के सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।छत्तीसगढ़ सरकार की इस पहल से जिले के श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल है। अयोध्या और काशी की पवित्र धरती पर दर्शन की अभिलाषा लिए 75 श्रद्धालुओं का यह जत्था भक्ति और उत्साह के साथ तीर्थयात्रा पर रवाना हुआ।

Avatar photo

By वीरेन्द्र भारद्वाज

चीफ़ एडिटर, भास्कर न्यूज़ 24

You missed