भास्कर न्यूज़ 24 /वीरेंद्र भारद्वाज/ दल्लीराजहरा। जिला पुलिस बालोद, राजहरा व्यापारी संघ, राजहरा परिवहन संघ, पत्रकार संघ,अनाज किराना व्यापारी संघ एवं छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त तत्वावधान में यातायात नियम, साइबर अपराध और नशा मुक्ति को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। नगर के जैन भवन चौक में 4 अक्टूबर को आयोजित इस कार्यक्रम में ड्राइविंग लर्निंग लाइसेंस शिवर भी लगाया जाएगा। इसके अलावा रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण,हेलमेट वितरण, एवम नेत्र जांच भी किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को सुरक्षित जीवन और अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना है। आयोजकों ने बताया कि आज के समय में सड़क हादसे, ऑनलाइन ठगी और नशे की लत समाज के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। यातायात नियमों की अनदेखी से रोजाना कई जिंदगियां खतरे में पड़ रही हैं, वहीं साइबर अपराध के नए-नए तरीके लोगों को आर्थिक और मानसिक नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसी तरह नशे की आदत युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस और विभिन्न संगठनों ने मिलकर जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। कार्यक्रम में यातायात नियमों का पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट का महत्व, साइबर ठगी से बचने के उपाय, अनजान लिंक और कॉल से सतर्कता तथा नशे से दूर रहने के संदेश दिए जाएंगे। इस पहल में जिला पुलिस द्वारा लोगों को कानूनी जानकारी और बचाव के तरीके बताए जाएंगे, जबकि व्यापारी संघ, परिवहन संघ, पत्रकार संघ,अनाज किराना और चेंबर ऑफ कॉमर्स जन-जन तक यह संदेश पहुंचाने में सहयोग करेंगे। आयोजकों ने नगर के सभी नागरिकों, व्यापारियों, वाहन चालकों और युवाओं से अपील की है कि वे इस जागरूकता कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर यातायात नियमों का पालन करने, साइबर अपराध से सतर्क रहने और नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लें।Post navigationसड़क धंसने की गंभीर समस्या पर रवि जायसवाल ने दिया धरना, प्रशासन की नींद टूटी बीएसपी एवं रेलवे प्रशासन ने तत्काल शुरू कराया मरम्मत कार्य।