भास्कर न्यूज़ 24/ वीरेंद्र भारद्वाज/ दल्लीराजहरा। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यावरण प्रेमी प्रदीप साहू के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमियों ने भाग लेकर पीपल, आम, अशोक और नीम के पौधे लगाए। वृक्षारोपण के बाद सभी पौधों की सुरक्षा के लिए जाली से फेंसिंग भी की गई, ताकि जानवरों और अन्य कारणों से पौधों को नुकसान न पहुंचे।

वृक्ष ही जीवन हैं”-
इस अवसर पर पर्यावरण प्रेमी प्रदीप साहू ने कहा कि आज बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग और बिगड़ते पर्यावरण को रोकने के लिए हर व्यक्ति को आगे आना होगा। उन्होंने कहा, “वृक्ष ही जीवन हैं। यदि हम अपनी आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ हवा, शुद्ध पानी और हरा-भरा पर्यावरण देना चाहते हैं तो प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। पौधा लगाना ही काफी नहीं है, उसे पेड़ बनने तक संरक्षित करना भी हमारी जिम्मेदारी है।प्रदीप साहू ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ पौधे लगाना नहीं, बल्कि लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना भी है।

सभी ने लिया पौधों की देखभाल का संकल्प-
कार्यक्रम में शामिल सभी पर्यावरण प्रेमियों ने संकल्प लिया कि वे लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करेंगे और उन्हें बड़ा वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखेंगे।

कार्यक्रम में कौशल साहू, टिकेश्वर साहू, राजकुमार साहू, हेमशंकर साहू, ताराचंद रावटे, चेलाराम निर्मलकर, लोकेंद्र देवांगन सहित अन्य पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने उत्साह के साथ पौधे लगाए और आसपास के लोगों को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया।

पर्यावरण रक्षा ही असली सेवा-
वक्ताओं ने कहा कि धरती पर ऑक्सीजन, छाया और फल देने वाले पेड़ों की संख्या लगातार घट रही है। ऐसे में पीपल, नीम, आम और अशोक जैसे छायादार और आयुर्वेदिक महत्व वाले पेड़ लगाना समय की जरूरत है। ये पेड़ न केवल पर्यावरण शुद्ध करते हैं बल्कि जैव विविधता को भी बढ़ाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने शहर और गांव को प्रदूषण मुक्त बनाने तथा हर घर में कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान किया। पर्यावरण प्रेमियों ने कहा कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि डौंडी-दल्ली क्षेत्र को हरा-भरा बनाया जा सके।

Avatar photo

By वीरेन्द्र भारद्वाज

चीफ़ एडिटर, भास्कर न्यूज़ 24

You missed