भास्कर न्यूज़ 24/ वीरेंद्र भारद्वाज/ दल्लीराजहरा। जिले से जिला बदर किए जाने के बाद भी शहर में घुसकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को राजहरा पुलिस ने धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक तलवारनुमा औजार भी जब्त किया गया है। राजहरा थाना के टीआई सुनील कुमार तिर्की ने  बताया कि 7 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 02 पंडरदल्ली निवासी खुशहाल नोन्हारे उर्फ सिन्नी पिता राजेश नोन्हारे उम्र 26 वर्ष वार्ड क्रमांक 07 राजहरा कॉलेज पहुंच मार्ग पर हाथ में लोहे की तेज धारदार तलवार लहराते हुए राहगीरों को डरा-धमका रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम हमराह स्टाफ और गवाहों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे की तलवारनुमा हथियार बरामद हुआ जिसे जप्त कर लिया गया।
आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई, भेजा गया जेल-
आरोपी के विरुद्ध *धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल दाखिल किया गया है।
गुंडा बदमाश सूची में शामिल है आरोपी-
पुलिस के अनुसार आरोपी खुशहाल नोन्हारे आपराधिक और गुंडा प्रवृत्ति का व्यक्ति है। इसके खिलाफ पूर्व में मारपीट, लूटपाट, बलवा और चोरी जैसे विभिन्न अपराध दर्ज हैं। आपराधिक गतिविधियों के कारण इसे गुंडा बदमाश की सूची में रखा गया है और वर्तमान में इसे जिले से जिला बदर भी किया गया है।
इसके बावजूद आरोपी जिले में घुसकर फिर से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया गया। पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति हथियार लेकर क्षेत्र में भय का माहौल बनाता है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करेगी।

Avatar photo

By वीरेन्द्र भारद्वाज

चीफ़ एडिटर, भास्कर न्यूज़ 24

You missed