भास्कर न्यूज़ 24/ वीरेंद्र भारद्वाज /दल्लीराजहरा। जिला पुलिस बालोद, राजहरा व्यापारी संघ, राजहरा परिवहन संघ, पत्रकार संघ, अनाज किराना व्यापारी संघ एवं छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त तत्वावधान में यातायात नियम, साइबर अपराध और नशा मुक्ति को लेकर नगर के जैन भवन चौक में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में किरण गंगाराम चव्हाण (पुलिस अधीक्षक, जिला बालोद)एवं चंद्रकांत गवर्न (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक) उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में छालीवुड की जानी-मानी फिल्म अभिनेत्री इशिका यादव एवं फिल्म अभिनेता भूपेंश चौहान तथा नगर पालिका परिषद दल्ली राजहरा के अध्यक्ष तोरण लाल साहू मौजूद रहे। ड्राइविंग लर्निंग लाइसेंस शिविर में लगभग 70 लोगों के लाइसेंस बनाए गए।
रक्तदान शिविर में लगभग 15 युवाओं ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
चिखलाकसा उप स्वास्थ्य केंद्र के द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया गया।
यातायात सुरक्षा को लेकर लगभग 500 लोगों को निःशुल्क हेलमेट का वितरण किया

*मानपुर चौक से जैन भवन तक गूंजा सुरक्षा का संदेश – एसपी ने खुद चलाई बाइक-
रविवार को दोपहर 4 बजे जैसे ही जिला पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण का दल्ली राजहरा के मानपुर चौक पर आगमन हुआ, आयोजक समिति ने उनके स्वागत में सुरक्षा का संदेश देने के लिए एक विशाल बाइक रैली निकाली।
इस रैली में खास बात यह रही कि एसपी , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक विकास पाटले, राजहरा थाना प्रभारी सुनील तिर्की सहित विशेष अतिथि फिल्म अभिनेत्री इशिका यादव एवं अभिनेता भूपेंश चौहान ने स्वयं बाइक चलाकर लोगों को जागरूक किया। मानपुर चौक से शुरू हुई यह रैली शहीद वीर नारायण सिंह चौक, पुराना बाजार होते हुए जैन भवन चौक तक पहुँची, जिसमें 300 से अधिक नागरिकों ने हेलमेट पहनकर भाग लिया। रैली के पश्चात मंच पर अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। स्कूली बच्चों द्वारा सड़क सुरक्षा और साइबर क्राइम पर बनाई गई चित्रकला प्रदर्शनी का अतिथियों ने अवलोकन किया। सेल्फी जोन में सभी ने तस्वीरें लीं और सड़क सुरक्षा शपथ पत्र पर हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम का शुभारंभ रुकैया द्वारा गाए गए मधुर वंदे मातरम से हुआ।
अपने उद्बोधन में पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने कहा कि राजहरा की पहचान पूरे भारत में है। यहाँ के लौह अयस्क के कारण भिलाई स्टील प्लांट ने देश में ही नहीं विदेश में भी छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। विभिन्न प्रांतों से आए लोगों के कारण दल्ली राजहरा लघु भारत है। उन्होंने कहा, “हम सब खुशी-खुशी वाहन खरीदते हैं, घर में खुशी का माहौल होता है, लेकिन वही माहौल तब मातम में बदल जाता है जब हम किसी दुर्घटना के शिकार हो जाते हैं। कभी भी नशा करके गाड़ी न चलाएं, बिना हेलमेट के गाड़ी न चलाएं और नाबालिग बच्चों को गाड़ी चलाने को न दें। 2015 में सड़क दुर्घटना में 200 लोगों की मृत्यु हुई थी, वहीं 2026 में अभी तक 225 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। पूरे छत्तीसगढ़ में पिछले वर्ष सड़क हादसों में 8000 लोगों की मौत हुई है, जिसमें अधिकतर 18 से 50 वर्ष के युवा थे जो नशे में और बिना हेलमेट के थे।

रक्तदान पर उन्होंने कहा – “रक्तदान कितना महत्वपूर्ण है, मैं खुद लगातार रक्तदान करता आ रहा हूँ। अब तक 7-8 बार रक्तदान कर चुका हूँ। रक्तदान करने से कोई परेशानी नहीं होती, बल्कि कई बीमारियों से बचा जा सकता है।”

साइबर अपराध पर चेताते हुए एसपी ने कहा –
इंटरनेट ने हमारी जिंदगी आसान बना दी है, घर बैठे हम दुनिया से जुड़ सकते हैं, पढ़ाई कर सकते हैं, बैंक के काम कर सकते हैं। लेकिन इसका दुष्परिणाम भी है। चोरों को अब घर में घुसकर चोरी करने की जरूरत नहीं, वो घर बैठे-बैठे आपका खाता खाली कर देते हैं। बालोद जिले में ही पिछले तीन सालों में साइबर अपराधियों ने 30 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है। फेसबुक, इंस्टाग्राम हमें फ्री लगता है, हम खुशी-खुशी अपनी निजी जानकारी अपलोड कर देते हैं। वही जानकारी लीक होकर ठगों तक पहुँचती है। अपनी निजी जानकारी, बैंक खाता, ओटीपी किसी को भी शेयर न करें। यदि ठगी का शिकार हो जाएं तो तुरंत 1930 पर कॉल करें, सरकार आपकी मदद करेगी।”

डिजिटल अरेस्ट पर उन्होंने स्पष्ट किया – “कई बार फोन आता है कि आप या आपके परिजन किसी गैरकानूनी धंधे में हैं और आपको डिजिटल अरेस्ट किया जा रहा है। याद रखिए, कानून में कोई डिजिटल अरेस्ट नहीं होता। यदि आपसे कोई अपराध हुआ है तो पुलिस स्वयं आपके पास आएगी और अरेस्ट करेगी। ऐसे कॉल से डरें नहीं और अपनी जमा पूंजी बचाकर रखें।”

नशा मुक्ति पर अपील – “आज का युवा नशे की ओर तेजी से बढ़ रहा है। यह नशा सिर्फ बीड़ी, सिगरेट या शराब का नहीं, बल्कि सूखा नशा है जो ड्रग्स और टैबलेट के रूप में फैल रहा है। मैं सभी अभिभावकों से अपील करता हूँ कि अपने बच्चों पर ध्यान दें और नशा मुक्त समाज बनाने में सहयोग करें।”
फिल्म अभिनेत्री इशिका यादव ने कहा – नशा मुक्त समाज बनाना है, हेलमेट और सीट बेल्ट लगाना है, और अपनी निजी जानकारी किसी को नहीं देनी है। स्वयं सुरक्षित रहो और दूसरों को भी सुरक्षित रखो। आप सुरक्षित रहेंगे तो आपका घर, परिवार और समाज सुरक्षित रहेगा।” उन्होंने अपनी आने वाली सामाजिक फिल्म को देखने की भी अपील की।

फिल्म अभिनेता भूपेंश चौहान ने कहा – “बालोद पुलिस ने हमारे जीवन को सुरक्षित रखने के लिए यह जन जागरूकता अभियान चलाया है ताकि हमारे बच्चे और नागरिक सुरक्षित रहें। मैंने जो सेल्फी जोन बनाया है, वहाँ सेल्फी लेकर फेसबुक, इंस्टाग्राम पर वायरल करें और इस अभियान को सफल बनाएं। नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने कहा -“हमारा जीवन अनमोल है। मोटरसाइकिल चलाते समय हेलमेट और कार चलाते समय सीट बेल्ट अवश्य लगाएं। खासकर नशा करके कभी भी वाहन न चलाएं, चाहे दो पहिया हो या चार पहिया। प्रशासन सख्ती इसलिए करता है ताकि हम और हमारा परिवार सुरक्षित रहे। किसी भी अनजान फोन कॉल पर अपना खाता नंबर और ओटीपी न दें, बैंक का काम स्वयं बैंक में जाकर करें।”
व्यापारी संघ अध्यक्ष गोविंद वाधवानी ने कहा -“दल्ली राजहरा जिले का सबसे बड़ा शहर है। यहाँ बहुत से लोग रहते हैं, जिन्हें ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए बार-बार बालोद और परिवहन कार्यालय जाना पड़ता है। मेरा सरकार से निवेदन है कि महीने में कम से कम 3 दिन यहाँ शिविर लगाया जाए, जगह की उपलब्धता हम देंगे।”

प्रतिभाओं का सम्मान और सांस्कृतिक रंग-
कार्यक्रम में नगर पुलिस निरीक्षक एवं राजहरा थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने अतिथियों द्वारा दिए गए संदेशों पर बच्चों से प्रश्न पूछे और सही उत्तर देने वाले बच्चों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया। रक्तदान करने वाले युवाओं और सहयोगी संस्थाओं को हेलमेट देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन छगन साहू एवम आभार व्यक्त वीरेंद्र भारद्वाज ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पत्रकार संघ दल्ली राजहरा, गोविंद वाधवानी (व्यापारी संघ), अशोक लोहिया (परिवहन संघ), अमित कुकरेजा, स्वाधीन जैन (चेंबर ऑफ कॉमर्स), सुरेश जायसवाल, कैलाश छाजेड़ (अनाज किराना संघ), होंडा शोरूम, टीवीएस शोरूम, हीरो शोरूम, बजाज शोरूम,एसबीआई , पीएनबी , बैंक ऑफ बड़ोदा एवं जगन्नाथ स्टील प्लांट का विशेष सहयोग रहा, जिन्हें जिला पुलिस बालोद द्वारा प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अंत में दल्ली राजहरा के प्रसिद्ध गायक दीपक सोना, श्रीनिवास राव एवं रुकैया ने फिल्मी गानों से समा बांध दिया।

Avatar photo

By वीरेन्द्र भारद्वाज

चीफ़ एडिटर, भास्कर न्यूज़ 24

You missed