बजट 2026 : मध्यम वर्ग, विकास और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव – सौरभ लुनिया

भास्कर न्यूज़ 24/ वीरेंद्र भारद्वाज/ दल्लीराजहरा। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा 1 फरवरी 2026 को प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के सर्वांगीण विकास का बजट बताते हुए भाजपा जिला महामंत्री सौरभ लुनिया ने इसका स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह बजट बुनियादी ढांचे के विस्तार, स्वास्थ्य एवं शिक्षा को सुदृढ़ करने तथा मध्यम वर्ग और करदाताओं को राहत देने वाला दूरदर्शी बजट है, जो विकसित भारत के संकल्प को मजबूती प्रदान करता है।
श्री लुनिया ने कहा कि बजट में मध्यम वर्ग और टैक्सपेयर्स को बड़ी राहत दी गई है। संशोधित आयकर रिटर्न दाखिल करने की समय सीमा को 31 दिसंबर से बढ़ाकर 31 मार्च किए जाने से करदाताओं को अतिरिक्त समय मिलेगा और अनावश्यक दबाव से राहत मिलेगी। वहीं कैंसर व शुगर की दवाओं, मोबाइल फोन, जूते-चप्पल तथा सोलर ऊर्जा से जुड़ी वस्तुओं को सस्ता करने के प्रस्ताव से आम जनता के दैनिक खर्च में कमी आएगी। इसके साथ ही विदेश यात्रा पैकेज और विदेश में शिक्षा के लिए भेजी जाने वाली राशि पर टीसीएस की दर को घटाकर 2 प्रतिशत करना मध्यम वर्ग के लिए एक महत्वपूर्ण राहत है।
उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बजट ऐतिहासिक है। मुंबई–पुणे, हैदराबाद–बेंगलुरु और दिल्ली–वाराणसी जैसे प्रमुख मार्गों को जोड़ने के लिए नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा से देश में आधुनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही 12.2 लाख करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय से सड़क, रेल और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को गति मिलेगी, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
स्वास्थ्य और शिक्षा को लेकर बजट को संवेदनशील बताते हुए श्री लुनिया ने कहा कि घरेलू दवाओं के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए ‘बायो-फार्मा शक्ति’ योजना की शुरुआत देश को आत्मनिर्भर बनाएगी। उच्च शिक्षा में छात्राओं की सुविधा के लिए प्रत्येक जिले में गर्ल्स हॉस्टल की स्थापना महिला सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय कदम है। इसके अलावा स्कूलों और कॉलेजों में एवीजीसी लैब्स की स्थापना से युवाओं को आधुनिक तकनीक और रचनात्मक कौशल से जोड़ा जाएगा।
उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में बजट को मजबूत बताते हुए उन्होंने कहा कि एमएसएमई सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का एसएमई ग्रोथ फंड छोटे उद्योगों को विस्तार और रोजगार सृजन में मदद करेगा। सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 से भारत वैश्विक स्तर पर तकनीकी शक्ति के रूप में उभरेगा, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में मेगा टेक्सटाइल पार्क की स्थापना से स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
अंत में श्री सौरभ लुनिया ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 आम आदमी, मध्यम वर्ग, युवाओं और उद्योगों की उम्मीदों पर खरा उतरने वाला बजट है, जिसे भारतीय जनता पार्टी पूर्ण रूप से समर्थन देती है।



