भास्कर न्यूज़ 24/ वीरेंद्र भारद्वाज/ दल्लीराजहर। डौंडी विकासखंड के अंतिम छोर स्थित ग्राम जुनवानी से लोहारा विकासखंड के ग्राम चिखली तक बनने वाली बहुप्रतीक्षित सड़क का भूमिपूजन रविवार को प्रदेश भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के निर्माण से वर्षों पुरानी ग्रामीणों की मांग पूरी होने जा रही है। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नेता संजय बैस ने की।भूमिपूजन स्थल पर सर्वप्रथम धरती माता एवं ग्राम देवी-देवताओं का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इसके पश्चात ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से अतिथियों का भव्य एवं जोशीला स्वागत किया। इस अवसर पर जुनवानी और चिखली सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।ग्रामीण बोले— पूर्वजों का सपना आज हुआ साकार।ग्रामवासी हरिश्चंद्र नायक, सालिक राम और देवलाल कोर्राम ने कहा कि जुनवानी-चिखली सड़क की मांग वर्षों से की जा रही थी। कई बार भूमिपूजन हुए, लेकिन राशि स्वीकृत नहीं होने से निर्माण शुरू नहीं हो पाया। उन्होंने बताया कि इस बार अपनी समस्या देवलाल ठाकुर के समक्ष रखने के बाद मामला मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तक पहुंचा, जिसके परिणामस्वरूप 12 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली। सड़क बनने से करीब 30 किलोमीटर की दूरी घटकर लगभग 5 किलोमीटर रह जाएगी।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा नेता संजय बैस ने कहा कि यह केवल सड़क का भूमिपूजन नहीं, बल्कि वर्षों से संघर्ष कर रहे जुनवानी और चिखली के ग्रामीणों की जीत है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहाड़ों के बीच बनने वाली यह सड़क क्षेत्र के विकास की नई तस्वीर लिखेगी। इससे किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी, मरीजों को अस्पताल, बच्चों को स्कूल-कॉलेज तक पहुंचने में समय बचेगा तथा कुसुमकसा सहित आसपास के क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।मुख्य अतिथि एवं प्रदेश भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि यह सड़क केवल दो गांवों को नहीं, बल्कि डौंडी और लोहारा—दोनों विकासखंडों के लोगों के दिलों को जोड़ने वाली विकास की जीवनरेखा बनेगी।उन्होंने कहा, “जुनवानी और चिखली के ग्रामीण वर्षों से इस सड़क की मांग कर रहे थे। मैंने उनकी पीड़ा को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी तक पूरी गंभीरता से पहुंचाया और आज उसी संकल्प का परिणाम है कि 12 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। हमारी सरकार घोषणा नहीं, धरातल पर विकास करने में विश्वास रखती है। यह सड़क बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य, खेती और व्यापार—चारों क्षेत्रों में बड़ा परिवर्तन आएगा। विधानसभा की अन्य महत्वपूर्ण मांगों को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा और विकास की यह गति निरंतर जारी रहेगी। कार्यक्रम में चिखली ग्राम पंचायत के सरपंच सहित जुनवानी एवं चिखली के सैकड़ों ग्रामीणजन उपस्थित रहे। यह भूमिपूजन क्षेत्र के लंबे संघर्ष और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।Post navigationसाल भर का अंधेरा दूर: वार्ड क्रमांक 2 एवम 3 चिखलाकसा के पार्षदों की तत्परता से चालू हुईं बंद ट्यूबलर लाइटें।