इस साल 26 जनवरी से बसंत ऋतु की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन ठंड का असर बना हुआ है। क्योंकि हवा की दिशा बदली है। उत्तर से निम्न स्तर पर आ रही हवा के चलते सर्दी लौट आई है। कबीरधाम जिले में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड की गई, जो कि पूरे छग में सबसे कम है। मौसम विभाग रायपुर ने इसकी पुष्टि की है।

खास बात यह है कि बीते 2 महीने (दिसंबर 2022 व जनवरी 2023) में ऐसा 10वीं बार हुआ है, जब पूरे छग में कबीरधाम जिला सबसे ठंडा रहा। न्यूनतम तापमान के मामले में छग का शिमला कहे जाने वाले मैनपाट को भी पीछे छूट गया। सरगुजा का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री रिकॉर्ड की गई। वहीं कोरिया का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री पर कबीरधाम जिले के बराबर रहा। रायपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एचपी चंद्रा ने बताया कि अब निम्न स्तर पर उत्तर से ठंडी हवा आ रही है। आने वाले 2 दिनों तक इसके प्रभाव से न्यूनतम तापमान गिरेगा।

जानिए, जिले में कब-कब ठंड का रिकॉर्ड बना
बीते 2 माह में 10वीं बार कबीरधाम जिला पूरे छग में ठंडा रहा। 7 दिसंबर 2022 को 6.9 डिग्री के साथ छग में सबसे ठंडा जिला रहा था। इसके बाद 2 जनवरी 2023 को 7.4 डिग्री, 8 जनवरी को 2.7 डिग्री, 9 जनवरी को 4.3 डिग्री, 22 जनवरी को 10.6 डिग्री, 27 जनवरी को 11.3 डिग्री, 28 जनवरी को 12.1 डिग्री, 30 जनवरी को 12.4 डिग्री और 31 जनवरी को 11 डिग्री सबसे कम तापमान का रिकॉर्ड रहा। अभी आगामी दो दनों में ठंड और बढ़ेगी।

चिल्फीघाटी में जमने लगी ओस, आने लगे पर्यटक
हवा की दिशा बदलने पर सर्दी की वापसी हो गई है। अभी आलम यह है कि बुधवार- गुरुवार दरमियानी रात पारा 5.8 डिग्री पर रहा। चिल्फीघाटी में तापमान इससे भी कम रही। यही कारण है कि तापमान घटने से चिल्फी घाटी में गुरुवार सुबह एक बार फिर खेतों और पुआल के ढेर पर बर्फ की सफेद चादर की तरह ओस की परत जमी नजर आई। इस सुहाने मौसम का लुत्फ उठाने के लिए पर्यटक एक बार फिर चिल्फीघाटी आने लगे हैं। अभी ठंड बढ़ेगी।

Avatar photo

By News Desk

भास्कर न्यूज़ 24 - ऑनलाइन अख़बार

You missed